टिम्पैनोप्लास्टी क्या है?
टिम्पैनोप्लास्टी कान से संबंधित एक ऑपरेशन है। इस सर्जरी को बहरापन दूर करने कि लिए किया जाता है। ये सर्जरी कान का पर्दा फट जाने के कारण उसे ठीक करने के लिए की जाती है। इसके अलावा कान की हड्डियों के रोगों को भी ठीक करने के लिए टिम्पैनोप्लास्टी की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य सुनने की क्षमता को दोबारा विकसित करना है। अगर किसी व्यक्ति को सुनने में दिक्कत हो और दवाओं से भी ये समस्या ठीक न हो तो इस सर्जरी को किया जा सकता है।
टिम्पैनोप्लास्टी की जरूरत कब होती है?
टिम्पैनोप्लास्टी की जरूरत उन लोगों को होती है जो कान के पर्दे डैमेज होने के कारण सही से सुन नहीं पाते हैं। कान के पर्दे ज्यादातर उनके डैमेज होते हैं जो पानी से संबंधित स्पोर्ट्स में हिस्सा लेते हैं, जैसे- स्वीमर, डाइवर्स आदि। कान से सुनाई देना तब कम हो जाता है जब ईयरड्रम यानी कि कान के पर्दे में छेद हो जाता है। लेकिन, डॉक्टर पहले कान की मशीन (Hearing Aid) से इलाज करने की कोशिश करते हैं। लेकिन, बाद में आराम होने पर टिम्पैनोप्लास्टी करते हैं।
टिम्पैनोप्लास्टी सर्जरी करवाने से पहले मुझे क्या पता होना चाहिए?
टिम्पैनोप्लास्टी हर किसी के लिए नहीं होता है। ये सर्जरी एक आखिरी विकल्प है। सबसे पहला विकल्प है कान की मशीन जो सुनने में मदद करता है। लेकिन कान की मशीन से समस्या होने पर टिम्पैनोप्लास्टी सर्जरी की जाती है। लेकिन इसमें कई तरह के जोखिम और समस्याएं भी हैं।
टिम्पैनोप्लास्टी सर्जरी के क्या साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं?
हर सर्जरी के कुछ न कुछ साइड इफेक्ट्स देखने को मिलते ही हैं। ऐसे में सर्जरी के बाद खास देखभाल करने की जरूरत होती है। टिम्पैनोप्लास्टी सर्जरी में कई तरह की समस्याएं देखने को मिलती हैं, जैसे :
- सर्जरी के बाद चक्कर आने की समस्या होती है। वहीं, सर्जरी के दौरान चीरे गए स्थान के पकने का भी खतरा रहता है।
- इस सर्जरी के बाद आपको कान भरा हुआ महसूस होगा। साथ ही आपको सुनने में भी समस्या आ सकती है।
- ये सर्जरी असफल भी हो सकती है। जिससे कान का पर्दा रिपेयर नहीं होगा। बल्कि, न सुनाई देने जैसी समस्या दोबारा हो सकती हैं। वहीं, अगर नकली कान लगाया गया है तो उससे संबंधित समस्या भी हो सकती है।
- कान बजने (Tinnitus) जैसी भी समस्या हो सकती है। लेकिन ऐसा शायद ही कभी हो।
- ऐसा नहीं है कि ये समस्याएं सभी को हो, लेकिन फिर भी आपको इस सर्जरी से होने वाले परेशानियों के बारे में पता होना चाहिए।
टिम्पैनोप्लास्टी सर्जरी के लिए मुझे खुद को कैसे तैयार करना चाहिए?
- सर्जरी कराने से पहले आपको अपने डॉक्टर से मिलना चाहिए। डॉक्टर से मिल कर आपको अपनी दवाओं (जो आप पहले से ले रहे हो), एलर्जी और हेल्थ कंडीशन के बारे में बात करनी चाहिए।
- आप अपने डॉक्टर से जान लें कि आपको सर्जरी से पहले क्या खाना पीना चाहिए। इसके अलावा आप अपने डॉक्टर ये भी पूछ लें कि सर्जरी से कितने घंटे पहले से खाना पीना बंद करना है।
- परिवार के लोगों को भी आप डॉक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के बारे में बता दें। ज्यादातर मामलों में सर्जरी कराने से छह घंटे पहले से कुछ भी नहीं खाना होता है। ऐसे में डॉक्टर द्वारा बताए गए तरल पदार्थ या ड्रिंक्स ही लें।
- आप अपने एनेस्थेटिस्ट से भी मिलें और सर्जरी के दौरान बेहोश या सुन्न करने की प्रक्रिया प्लान करें।
- खून को पतला करने वाली दवाएं जैसे एस्पिरीन अगर आप ले रहे हैं तो डॉक्टर को जरूर बताएं। ताकि, जरूरत के हिसाब से डॉक्टर दवा को बंद कर सकें।
टिम्पैनोप्लास्टी में होने वाली प्रक्रिया क्या है?
टिम्पैनोप्लास्टी करने में लगभग एक से तीन घंटे का समय लगता है। टिम्पैनोमैस्टॉइडेक्टमी प्रक्रिया के द्वारा ये सर्जरी की जाती है। सबसे पहले व्यक्ति को एनेस्थेटिस्ट बेहोश करते हैं। इसके बादर कान के पीछे सर्जन चीरा लगाते हैं। इसके बाद पहले सर्जन मैस्टॉइड बोन को खोलते हैं। फिर कान के पीछे से मांसपेशियां निकाल कर कान के पर्दे को रिपेयर करते हैं। टिम्पैनोमैस्टॉइडेक्टमी प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद सर्जन मैस्टॉइड बोन को बंद कर देते हैं और चीरे हुए स्थान पर टांका लगाते हैं। इसी तरह ये सर्जरी की जाती है।
और पढ़ें : Carpal Tunnel Syndrome Surgery : कार्पल टनल सिंड्रोम सर्जरी क्या है?
टिम्पैनोप्लास्टी सर्जरी के बाद क्या होता है?
- आप सर्जरी के बाद उसी दिन या अगले दिन घर जा सकते हैं।
- एक हफ्ते बाद आपको टांके कटवाने पड़ेंगे।
- सर्जरी के बाद से कान में और टांकों पर मलहम लगाना होगा। वहीं, डॉक्टर कान के अंदर गॉज पैक लगाते हैं। जिसे तीन हफ्ते बाद माइक्रोस्कोप की मदद से सर्जन निकालते हैं।
- दर्द को कम करने के लिए सर्जन द्वारा दिया गया पेनकीलर खाएं।
- छह हफ्ते बाद आपका एक हियरिंग टेस्ट होता है, जिससे आपके सुनने की क्षमता का पता लगाया जाता है।
- इन सभी बातों के अलावा अगर आपको किसी भी तरह की समस्या आती है तो अपने सर्जन और डॉक्टर से जरूर मिलें और परामर्श लें।
टिम्पैनोप्लास्टी के बाद मुझे खुद का ख्याल कैसे रखना चाहिए?
- सर्जरी के बाद पूरी नींद लेने से आप जल्दी रिकवर कर पाएंगे। वहीं, एक हफ्ते तक आप दो या तीन तकीए लगा कर सोएं। साथ ही कोशिश करें कि जिस कान की सर्जरी हुई है, उस कान की तरफ न सोएं।
- आपको रोजाना हल्का टहलना चाहिए। टहलने से रक्त का संचार होता है और कब्ज व निमोनिया होने का खतरा कम होता है।
- सिर को अचानक से न घुमाएं। ऐसा करने से आपको चक्कर आ सकता है।
- एक्सरसाइज और झटके लगने जैसी एक्टिविटी लगभग दो से चार हफ्तों तक न करें।
- एक से तीन महीने तक कान को पानी से बचा कर रखें।
- एक से दो हफ्ते बाद आप अपनी सामान्य दिनचर्या को फॉलो कर सकते हैं।
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। ताकि शरीर हाइड्रेट रहे और पानी की कमी न हो।
- डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं को समय से खाएं।
- कान को एल्कोहॉल या हाइड्रोजन परॉक्साइड से न साफ करें। कान के भाग को कैसे साफ करना है इसके लिए आप डॉक्टर से पूछ लें।
हैलो स्वास्थ्य किसी भी तरह की मेडिकल सलाह नहीं दे रहा है। अगर आपको किसी भी तरह की समस्या हो तो आप अपने सर्जन से जरूर पूछ लें।