backup og meta

जानें चेहरे के दाग धब्बे होने के कारण और बेदाग त्वचा पाने के घरेलू उपाय

के द्वारा मेडिकली रिव्यूड डॉ. प्रणाली पाटील · फार्मेसी · Hello Swasthya


shalu द्वारा लिखित · अपडेटेड 20/05/2021

    जानें चेहरे के दाग धब्बे होने के कारण और बेदाग त्वचा पाने के घरेलू उपाय

    आजकल के प्रदूषण भरे वातावरण के कारण पिंपल्स, एक्ने, एलर्जी की समस्या आम हो गई है। लगभग हर लड़का या लड़की इस समस्या से परेशान हैं, क्योंकि यही एक्ने और पिंपल्स बाद में चेहरे के दाग धब्बे का कारण बन जाते हैं। लड़का हो या लड़की बेदाग त्वचा ही सबकी पसंद होती है, क्योंकि सौन्दर्यता की कसौटी दाग-धब्बा रहित गोरा निखरा चेहरा होता है। लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं चेहरे के दाग धब्बे की समस्या से  परेशान रहती हैं। आज हम जानेगें की चेहरे के दाग-धब्बे होने के पीछे क्या कारण हैं और किन घरेलू उपायों के द्वारा उपचार कैसे किया जा सकता है।

    [mc4wp_form id=’183492″]

    चेहरे के दाग-धब्बे क्या होते हैं?

    आपने अक्सर देखा होगा कुछ लोगों को काला, ब्राउन, या ग्रे रंग के दाग की समस्या होती है। ज्यादातर ये दाग काले रंग के होते हैं। जिसे हम हाइपरपिग्मेंटेशन की समस्या भी कहते हैं। यह दाग केवल आपके चेहरे पर ही नहीं होते हैं। ये कई बार आपके शरीर के बाकी हिस्सों पर भी होते हैं, जैसे- चेहरा, गला, हाथ, कंधा, बांह या पीठ आदि। यह देखने में बहुत भद्दे लगते हैं। कभी-कभी यह लोगों के बीच में आपकी शर्मिंदगी का कारण भी बन जाते हैं। यह आपके शरीर के नैचुरल कलर से बिल्कुल अलग होते हैं। इसलिए साफ नजर आ जाते हैं। आम तौर पर यह ज्यादातर समय बढ़ते उम्र के साथ देखा जाता है।

    चेहरे के दाग-धब्बे होने के कारण क्या हैं?

    चेहरा या शरीर के किसी भी हिस्से में दाग-धब्बे कई कारणों से हो सकते हैं। हां, सही समय पर इसका इलाज किए जाने पर इसको बढ़ने से रोका जा सकता है या पूरी तरह से ठीक भी किया जा सकता है। लेकिन मुश्किल की बात तब आती है, जब इलाज करने में देर हो जाती है। चलिए, सबसे पहले चेहरे के दाग धब्बे होने के कारणों के बारे में जान लेते हैं। आम तौर पर इन निम्नलिखित कारणों से चेहरे पर दाग धब्बे होते हैं- 

    • शरीर पर दाग-धब्बे पड़ने का मुख्य कारण मेलानिन होता है। सूरज की तेज रोशनी के कारण यह सीधे मेलानिन को प्रभावित करते हैं, जिसके कारण हाइपरपिग्मेंटेशन की समस्या होती है। इसलिए लंबे समय तक धूप में समय व्यतीत करने से बचना चाहिए। 
    • प्रेग्नेंसी से महिलाओं के शरीर का हॉर्मोनल बैलेंस बिगड़ जाता है, जिसके कारण दाग-धब्बों की समस्या होने लगती है।
    • कई बार खाना बनाते वक्त त्वचा जल जाती है और बाद में यह दाग बन जाते हैं।
    • कुछ लोगों में मौसम में बदलाव के कारण एलर्जी की समस्या होती है। यह एलर्जी बार-बार खुजलाने के कारण सूखने के बाद दाग बन जाते हैं।
    • अवसाद या अधिक तनाव में रहने के कारण भी शरीर में हॉर्मोन के संतुलन को बिगाड़ देती है, जो बाद में एलर्जी या दाग-धब्बे की समस्या होने का कारण बन जाता है।
    • मेनोपॉज के दौरान हॉर्मोनल असामान्यताएं भी इसका कारण बन सकती हैं।
    • गर्भनिरोधक गोलियों के कारण भी शरीर में एस्ट्रोजेन और प्रोजेस्टेरोन हॉर्मोन में असंतुलन होने के कारण भी दाग-धब्बे की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 

    इन कारणों के अलावा कई अन्य कारण भी हो सकते हैं। जैसे:

    और पढ़ें : होंठों पर पिंपल्स का इलाज ढूंढ रहे हैं? तो ये आर्टिकल कर सकता है आपकी मदद

    वायरस

    कई बार चेहरे के दाग-धब्बे पड़ने का कारण वायरस भी हो सकते हैं जैसे, एचएसवी (HSV), वैरिकाला-जोस्टर वायरस (VZV) या हर्पिज,  चिकनपॉक्स  (Chicken pox), रूबेला (Rubella virus), पिट्रियासिस रोजा (Pityriasis rosea) आदि। 

    संक्रमण

    कुछ प्रकार के त्वचा संक्रमण त्वचा पर फोड़ों का कारण बन सकते हैं। जो सूखने के बाद न जाने वाले धब्बे का रूप ले लेता है। इनमें मलेसेजिया फॉलिकुलिटिस (फंगल मुंहासे), बालों के रोम में संक्रमण शामिल है। यह स्थिति खमीर के अतिवृद्धि के कारण होती है और पॅस्ट्यूल का कारण बनती है।

    और पढ़ें : Quiz: क्विज में छिपे हैं पिंपल्स से जुड़े कुछ सवालों के जवाब, क्या आप जानते हैं?

    जेनेटिक्स

    चेहरे या शरीर पर दाग-धब्बे जेनेटिक के कारण भी सकते हैं। कुछ वंशानुगत स्थितियां भी दोष उत्पन्न कर सकती हैं। इसमें शामिल है:

    • डैरियर रोग (Darier disease)- डैरियर रोग एक कंडिशन होता है, जिसमें शरीर पर मस्से जैसा निकलने लगता है। साथ में त्वचा का रंग पीला होने के साथ वह तैलीय भी हो जाती है। स्कैल्प, माथा, हाथ का ऊपरी हिस्सा, छाती, पीठ, कोहनी, कान के पीछे जैसे जगहों पर दाग नजर आने लगते हैं।
    •  जीएम 1 गैंग्लियोसिडोसिस (Adult type 3 GM1 gangliosidosis)- इस कंडिशन की वजह से 3 साल के शिशु से 30 साल का वयस्क तक प्रभावित हो सकता है। प्रारम्भिक अवस्था में दाग-धब्बे के लक्षण नजर आते हैं। इस रोग के कारण शरीर का निचला हिस्सा प्रभावित होता है। 
    • फेब्री रोग (Fabry disease)- लाइसोसोम एंजाइम की कमी के कारण यह रोग होता है। इसके कारण हाथ और पैर में दर्द होने के साथ त्वचा पर लाल दाग लक्षण के रूप में नजर आते हैं। 

    सन एक्सपोजर

    सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी (यूवी) ए और बी किरणों के ओवरएक्सपोजर से त्वचा कैंसर, हाइपरपिग्मेंटेशन और त्वचा संबंधी अन्य बीमारियों का कारण बन सकती है। इसलिए सुबह 10 बजे से पहले और शाम को 4 बजे के बाद धूप में टहलने के लिए एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं। इस वक्त धूप की रोशनी से त्वचा को नुकसान पहुंचने का खतरा कम होता है।

    क्लोज्ड पोर्स यानि त्वचा के पोरों का बंद हो जाना

    वसामय ग्रंथियों द्वारा तेल का अतिउत्पादन दाग धब्बे का कारण बन सकता है। हॉर्मोनल परिवर्तन अक्सर इस अतिउत्पादन को ट्रिगर करते हैं, जैसे कि यौवन। अतिरिक्त तेल मृत त्वचा कोशिकाओं, गंदगी या बैक्टीरिया के साथ घुलमिल सकता है। इससे पिंपल्स, पॅस्ट्यूल, ब्लैकहेड्स और व्हाइटहेड्स बनने लगते हैं। मेकअप, सनस्क्रीन, या मॉश्चराइजर जैसे उत्पादों से छिद्र बंद हो सकते हैं। किसी भी प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से पहले निर्देशों को पढ़ना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि प्रोडक्ट्स हर स्किन टाइप के लिए नहीं होता है। हेयरस्टाइलिंग प्रोडक्ट्स आपके चेहरे पर लगने पर रोम छिद्रों को बंद कर सकते हैं। इसलिए बालों में भी हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते वक्त चेहरे की त्वचा पर न लगे, इसका ध्यान रखना चाहिए या लगने पर तुरन्त साफ कर देना चाहिए। इससे स्किन के पोर्स बंद नहीं होते हैं और पिंपल्स या एक्ने आदि की समस्या से बचा जा सकता है। 

    बैक पेन के बारे में ज्यादा जानने के लिए खेलें क्विज : Quiz : बैक पेन को सही करेंगे ये टिप्स, क्विज में हैं कमर-दर्द के उपचार

    आहार

    आप जो खाते हैं उसका आपकी त्वचा पर प्रभाव पड़ सकता है। फूड एलर्जी आपकी त्वचा या चेहरे के दाग-धब्बे का कारण बन सकती हैं। डेयरी उत्पाद, जैसे कि स्कीम दूध, कुछ लोगों में मुंहासे पैदा करने वाले स्रोत का कारण हो सकते हैं। चीनी और कार्बोहाइड्रेट रिच फूड्स भी चेहरे के दाग-धब्बे को जन्म दे सकते हैं।

    दवाएं

    चेहरे के दाग-धब्बे कुछ दवाओं का सेवन करने से साइड इफेक्ट्स के तौर पर दिखने लगते हैं। इसलिए कुछ भी साइड इफेक्ट्स होने पर तुरन्त डॉक्टर से संपर्क करें और बिना डॉक्टर के सलाह के किसी दवा का सेवन न करें। 

    • कोर्टिकोस्टेरोइड (Corticosteroids)- केलॉइड (शरीर में अतिरिक्त प्रोटीन होने के कारण होता है) के उपचार के लिए इस तरह का दवाओं का उपयोग किया जाता है। 
    • लिथियम (Lithium)- लिथियम का उपयोग बाइपोलर डिसऑर्डर जैसे मानसिक रोगों के लिए किया जाता है। जिसके कारण त्वचा पर एक्ने या अन्य त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
    • स्टेरॉयड इंजेक्शन (Steroid injections)- डॉक्टर्स केलॉइड आदि का आकार कम करने के लिए स्टेरॉयड इंजेक्शन देते हैं। जिससे केलॉइड का बढ़ा हुआ आकार धीरे-धीरे कम होने लगता है।

    नोट- ऊपर दी गई जानकारी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। इसलिए किसी भी घरेलू उपचार, दवा या सप्लिमेंट का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

    चेहरे के दाग-धब्बे के घरेलू उपाय

    प्राचीन विज्ञान के आधार पर चेहरे के दाग-धब्बे मिटाने के लिए लोग बहुत से घरेलू उपचारों का उपयोग करते रहे हैं। हालांकि ये वैज्ञानिक रूप से सिद्ध नहीं हैं, लेकिन उन्होंने प्रभावी परिणाम दिए हैं, जो इस प्रकार से हैं।

    और पढ़ें : दालचीनी के फायदे : पिंपल्स होंगे छू-मंतर और बढ़ेगी याददाश्त

    चेहरे के दाग-धब्बे दूर करने के लिए ट्राई करें टमाटर का जूस

    चेहरे का दाग धब्बे- Face scar
    टमाटर से करें चेहरे के दाग धब्बे को दूर

    टमाटर विटामिन सी और एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होते हैं। उनके कसैले गुण चेहरे और शरीर के दाग-धब्बे को हटाने में मदद कर सकते हैं। यह चेहरे के दाग धब्बे के घरेलू उपायों में बहुत कारगर माना जाता है। एक टमाटर को काट लें। उसको त्वचा के प्रभावित जगह पर हल्के हाथों से रगड़कर लगाएं। इसे 15 मिनट तक सूखने दें और इसके बाद पानी से धो लें। पंद्रह दिनों तक हफ्ते में दो-तीन बार इसका इस्तेमाल करने पर आपको दाग-धब्बे हल्के होते नजर आएंगे। 

     बेदाग त्वचा पाने के लिए कोकोआ मक्खन का उपयोग

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    कोकोआ और मक्ख से चेहरे के दाग-धब्बे को करें दूर

    कोको बटर में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण होते हैं। जो दाग-धब्बों को काफी हद तक कम करने में मदद कर सकते हैं। यह त्वचा को मॉइश्चराइज और हाइड्रेट दोनों रखने में मदद करता है। बस आपको इसे अपने हाथों की मदद से चेहरे पर लगाना है। इसे रात भर लगाकर छोड़ दें, बेहतर परिणाम के लिए हर दिन इस प्रक्रिया को दोहराएं।

    और पढ़ें : Neck strain: गर्दन में खिंचाव क्या है?

    चेहरे के दाग-धब्बे से राहत दिलाए एलोवेरा जेल

    चेहरे के दाग-धब्बे-Face scar
    एलोवेरा से आती है चेहरे पर चमक

    एलोवेरा न केवल दाग-धब्बे को ठीक करता है बल्कि नई त्वचा कोशिकाओं के विकास में भी मदद करता है। आप एलोवेरा जेल खरीद सकते हैं जो दुकानों में उपलब्ध हैं, लेकिन सुनिश्चित करें कि केमिकल फ्री हो। अगर आपके घर में एलोवेरा का पौधा है, तो आप ताजे पत्ते से जेल निकाल सकते हैं। इसे सीधे अपने चेहरे पर लगाएं और 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। सूखने के बाद पानी से धो लें। इससे त्वचा के ऊपर दाग के निशान धीरे-धीरे कम होने लगते हैं। 

    बेदाग त्वचा पाने के लिए करें बेकिंग सोडा का इस्तेमाल

    चेहरे के दाग धब्बे - Face scar
    बेकिंग सोडा से पाएं चेहरे के दाग-धब्बे से निजात

    बेकिंग सोडा को सोडियम बाइकोर्बोनेट कहते हैं। इसका एन्टी इंफ्लामेटारी, एन्टी बैक्टीरियल और एंटी फंगल गुण स्किन के डेड सेल्स को निकालने में मदद करते हैं और साथ में इंफेक्शन का खतरा भी कम करने में मदद करते हैं। इसका फेस पैक बनाने के लिए आपको 1 चम्मच बेकिंग सोडा और एक चम्मच ऑर्गेनिक ऑलिव ऑयल की आवश्यकता होगी। एक कटोरी लें और बेकिंग सोडा में तेल की कुछ बूंदें डालें और अच्छी तरह से हिलाएं। उस पेस्ट को अपनी त्वचा पर लगाएं और धीरे से फेस पैक को स्क्रब करें। 15 मिनट बाद इसे धो लें। लेकिन एक बात का ध्यान रखें कि बेदाग सुंदरता पाने की चाह में बेकिंग सोडा का इस्तेमाल ज्यादा न करें। इससे त्वचा को फायदा मिलने के जगह पर नुकसान हो सकता है। अगर बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करने पर कोई समस्या महसूस हो रही है तो तुरन्त डॉक्टर से संपर्क करें। 

    नोट- ऊपर दी गई जानकारी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। इसलिए किसी भी घरेलू उपचार, दवा या सप्लिमेंट का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

    एग व्हाइट या अंडे की सफेदी बेदाग त्वचा में लगाता है चार चांद

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    अंडे की सफेदी से होती है त्वचा ग्लोइंग

    जो लोग खाने में एग व्हाइट का उपयोग करते हैं, उनके लिए यह बढ़िया नुस्खा है। अंडे की सफेदी में प्राकृतिक एंजाइम होते हैं, जो त्वचा के दाग-धब्बों को हल्का करने में मदद करते हैं। साथ ही  त्वचा के रोमछिद्रों को भी खोलकर उनको सांस लेने में सहायता करते हैं। इसके लिए एक चम्मच की मदद से एक कटोरे में अंडे का सफेद भाग लें और उसको अच्छी तरह से फेंट लें। उसके बाद इसे अपने चेहरे पर लगाएं। अब लगभग 10 मिनट तक रखने के बाद अपने चेहरे को ठंडे पानी से धो लें और मॉश्चराइजर लगाएं।

    चेहरे के दाग-धब्बे से दिलाएं निजात शहद

    चेहरे के दाग धब्बे-Face Scar
    शहद से करें चेहरे के दाग धब्बे दूर

    शहद में एंटीऑक्सिडेंट गुण होते हैं जो किसी प्रकार के दाग और धब्बे के निशान को हल्का करने में मदद करते हैं। चेहरे के दाग धब्बे के घरेलू उपाय में यह बहुत ही असरदार नैचुरल तरीका है। शहद का एन्टीऑक्सिडेंट और एंटीसेप्टिक गुण त्वचा को इंफेक्शन से दूर रखने के साथ दाग-धब्बों को कम कर चांद जैसा खिलता चेहरा प्रदान करने में सक्षम होता है। लेकिन शहद का इस्तेमाल करने के पहले त्वचा विशेषज्ञ से जरूर सलाह ले लें। 

    और पढ़ें : क्या आप जानते हैं गर्भावस्था के दौरान शहद का इस्तेमाल कितना लाभदायक है?

    संतरे का छिलका बेदाग त्वचा पाने में मददगार

    चेहरे के दाग धब्बे - Face scar
    संतरे के छिलके से आती है त्वचा पर रौनक

    जो लोग लंबे समय तक धूप में रहते हैं, उनको त्वचा संबंधित समस्या होना लाजमी होता है। लेकिन, इसके लिए चिंता करने की जरूरत नहीं। कुछ घरेलू चीजें ऐसी हैं जो बिना साइड इफेक्ट के अच्छी बात से इसका उपचार भी कर सकते हैं। संतरे के छिलके में मौजूद साइट्रिक एसिड की मात्रा यह सुनिश्चित करती है कि आप अपनी त्वचा को काले दाग धब्बे से राहत दिला सकते हैं। शहद और दही के साथ एक चम्मच या दो संतरे के छिलके का पाउडर मिलाएं। इसे फेस पैक की तरह इस्तेमाल करें और इसे 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद इसे पानी और माइल्ड साबुन से अच्छी तरह धो लें।

    नीम चेहरे के दाग धब्बे को करे कम

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    चेहरे के दाग धब्बों दूर करने के लिए नीम है बेहतरीन नुस्खा

    नीम का उपयोग करने से दाग धब्बे को कम किया जा सकता है। इसका उपयोग करने के लिए आपको एक मुट्ठी सूखे नीम के पत्ते लेने पड़ेंगे। इसमें 1-2 बड़े चम्मच शहद डालें। अब इसको पेस्ट जैसा बना लें। इस पेस्ट को प्रभावित क्षेत्र या पूरे चेहरे पर लगाएं। 10-15 मिनट के लिए फेस पैक को सूखने दें। इस फेस पैक का इस्तेमाल हफ्ते में दो बार करें। नीम त्वचा द्वारा उत्पादित अतिरिक्त तेल को भी अवशोषित करता है और चेहरे को एक नया लुक देता है। आपको ग्लोइंग स्किन का सीक्रेट होगा बिल्कुल नैचुरल।

    नोट- ऊपर दी गई जानकारी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। इसलिए किसी भी घरेलू उपचार, दवा या सप्लिमेंट का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

    बेदाग त्वचा पाने के लिए करें आलू का उपयोग

    चेहरे के दाग धब्बे -Face scar
    आलू से करें चेहरे के दाग धब्बे को दूर

    आलू को दादी-नानी के जमाने से त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।  ब्लीचिंग एजेंट होने के कारण आलू का रस त्वचा का रूखापन और झाईयां कम करने में बहुत मदद करता है। आलू के जड़ों में कैटालिस्ट (Catalase) नामक एक एंजाइम होता है जो त्वचा को हेल्दी करने में मदद करता है। त्वचा के दाग-धब्बों को दूर करने के लिए आलू को पीसकर उसका रस निकालकर प्रभावित जगह पर लगाएं। फिर ड्राई हो जाने के बाद पानी से धो लें। कुछ ही दिनों में फर्क साफ नजर आएगा।

    दाग रहित त्वचा पाने के लिए नींबू का रस लगाएं 

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    नींबू का रस मिटाएगा का चेहरे के दाग-धब्बे

    नींबू का रस एक प्राकृतिक ब्लीचिंग एजेंट होता है। जो निशान और दाग धब्बों को बिना किसी साइड इफेक्ट के हल्का करता है। यह चेहरे के दाग धब्बे के घरेलू उपाय में प्रयोग किया जा सकता है।आधे नींबू के रस को प्रभावित जगह पर लगाएं और दस मिनट तक सूखने दें। पंद्रह दिनों के लिए इस प्रक्रिया को रोज दोहराएं और इसके जादुई परिणाम देखें। आप खुद को पहचान नहीं पाएंगे।

    एप्पल साइडर विनेगर का इस्तेमाल लाएं चेहरे पर निखार

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    सेब के सिरके से करें चेहरे को क्लीन

    एप्पल साइडर विनेगर का उपयोग त्वचा के लिए  बहुत अधिक किया जाता है। इसका उपयोग करने के लिए सिरका और पानी को मिला लें। अब इसे एक स्प्रे बोतल में स्टोर करें। इसके साथ अपने चेहरे पर इस मिश्रण को स्प्रे करें और इसे प्राकृतिक रूप से सूखने दें। एप्पल साइडर विनेगार आपके छिद्रों को संक्रमित करने वाले हानिकारक रोगाणुओं को मारते हुए, त्वचा के पीएच लेवल को संतुलित करता है। इसका हल्के अम्लीय गुण धब्बों को हल्का करने में मदद करता है।

    और पढ़ें : पीरियड्स से जुड़ी गलत धारणाएं और उनकी सच्चाई

    चांद जैसा खिला-खिला रूप पाने के लिए लगाएं दही मास्क 

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    दही से आती है चेहरे पर ताजगी

    दही को अच्छी तरह से फेंटकर इसमें कुछ बूंद शहद डाल सकते हैं। इसे अपने चेहरे पर लगाएं। गर्मी में यह पेस्ट आपके चेहरे के लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। जब सूख जाए तो इसे धो लें। इसे आप हफ्ते में 2 से 3 बार उपयोग कर सकते हैं। दही में जो प्रोटीन होता है वह रंग को निखारने के साथ त्वचा को हेल्दी बनाने में भी मदद करता है।

    दाग धब्बों को दूर करने में फायदेमंद मुल्तानी मिट्टी

    त्वचा के दाग धब्बे- Face scar
    मुल्तानी मिट्टी से दूर होते हैं त्वचा के दाग-धब्बे

     मुल्तानी मिट्टी व्यापक रूप से त्वचा पर लाभकारी प्रभावों के लिए जानी जाती है। मुल्तानी मिट्टी फेस पैक में बारे में तो सब लोगों ने सुना होगा। इस पैक को बनाना बहुत आसान है। इसको बनाने के लिए मुल्तानी मिट्टी में गुलाबजल डालकर पैक की तरह बना लें। अब मुल्तानी मिट्टी का उपयोग करने के लिए नींबू का रस भी मिला सकते हैं। इस फेस पैक ब्रश के सहायता से अच्छी तरह से लगा लें। उसके बाद 15-20 मिनट तक लगा रहने दें, और फिर अच्छी तरह से धो लें। आप खुद को आईने में बार-बार देखना पसंद करेंगे।

    और पढ़ें : पीरियड्स के दौरान जरूर फॉलो करें ये मेन्स्ट्रुअल हाइजीन

    एक्सपर्ट से जानिए कैसे करते हैं ऑर्गेनिक ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल?

    चेहरे की बेदाग खूबसूरती के लिए करें पपीता फेस मास्क का इस्तेमाल

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    पपीते से त्वचा पर आती है निखार

    क्यों विश्वास नहीं हो रहा है? पपीता का इस्तेमाल सिर्फ खाने के लिए नहीं किया जाता है बल्कि पपीता को चेहरे पर लगाने से आपकी नैचुरल ब्यूटी में चार चांद लग सकता है। पपीता में पपाइन नाम का एंजाइम होता है, जो डेड स्किन सेल्स को निकालने में मदद तो करते ही हैं, साथ ही अवांछित दाग को भी निकाल देते हैं। इसके लिए घर पर ही आसानी से इस फेस पैक को बना लें। पके हुए पपीते में शहद के कुछ बूंद डालें अगर आपकी स्किन बहुत ड्राई है। इसके अलावा अगर आपकी स्किन बहुत ऑयली है तो शहद के जगह पर नींबू रस के कुछ बूंद इस पैक में डाल सकते हैं। फिर इसको कुछ देर यानि ड्राई होने तक लगाकर रखें और फिर पानी से धो लें। फिर, अपनी त्वचा में आए बदलाव को देखें।

    चेहरे के दाग-धब्बे को निकालने के लिए करें नारियल तेल का उपयोग

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    नारियल तेल से दूर होते हैं चेहरे के दाग-धब्बे

    जैसा कि आप जानते ही हैं कि नारियल तेल में विटामिन ई, एंटीऑक्सिडेंट, एंटीफंगल, एंटी-इंफ्लामेटरी गुण आदि होते हैं। इसलिए यह तेल त्वचा संबंधी बहुत समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। यह त्वचा को नवजीवन प्रदान कर दाग धब्बों को कम करने में मदद करता है। अगर आपकी स्किन ड्राई है तो, नारियल तेल के कुछ बूंदों को चेहरे पर रात को लगाएं। फिर अपनी त्वचा में आए बदलाव पर एक नजर डालें।

    और पढ़ें: चेहरे से कील मुंहासों को हटाने के घरेलू उपाय

    विटामिन ई के इस्तेमाल से चेहरे के दाग-धब्बे को करें दूर

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar
    विटामिन ई ऑयल से त्वचा लगती है जवां-जवां

    विटामिन ई बाल और त्वचा दोनों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। अपने डायट में जिस तरह से विटामिन ई रिच फूड्स को शामिल करें, उसी तरह विटामिन ई ऑयल को लगाने से भी आपको फायदा मिल सकता है। विटामिन ई धूप के तेज किरणों से जो त्वचा को नुकसान होता है उससे बचाने में बहुत मदद करता है, साथ ही सनबर्न के इफेक्ट को कम करता है। अगर आपकी स्किन बहुत ड्राई और फ्लेकी है तो यह भी दाग-धब्बों का कारण बन जाता है। रात को विटामिन ई ऑयल लगाने से त्वचा मुलायम और दाग रहित हो जाती है। 

    नोट- ऊपर दी गई जानकारी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। इसलिए किसी भी घरेलू उपचार, दवा या सप्लिमेंट का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

    छांछ का प्रयोग त्वचा के लिए फायदेमंद

    चेहरे के दाग- धब्बे-Face scar
    चेहरे के दाग-धब्बे से निजात पाने के लिए छांछ का करें सेवन

    बिल्कुल अचरज में पड़ने की जरूरत नहीं। गर्मी के दिनों में छांछ पीना तो सभी पसंद करते हैं। यह पेट को जितना शांत रखने में मदद करता है, उतना ही खिली-खिली धूप में भी त्वचा को बेदाग रखता है। छांछ ब्लीचिंग एजेन्ट का काम करता है, इसलिए इसको त्वचा पर लगाने से दाग धीरे-धीरे कम होने लगते हैं। साथ ही इसका लैक्टिक एसिड का गुण सनबर्न, झाईंयां या पिग्मेंटेशन जैसी समस्याओं के उपचार में भी मदद करता है। चेहरे के दाग-धब्बे को दूर करने के लिए आप अपने डेली डायट में कोल्ड ड्रिंक के जगह पर छांछ को शामिल कर सकते हैं। इससे शरीर को गुड बैक्टीरिया भी मिल जाएगा और स्किन भी हेल्दी हो जाएगी।  

    टी ट्री ऑयल चेहरे के दाग धब्बे कम करने में सहायक 

    चेहरे के दाग धब्बे- टी ट्री ऑयल/Tea tree oil
    टी ट्री ऑयल से करें चेहरे दाग-धब्बे दूर

    इस तेल का इस्तेमाल तो ब्यूटी प्रोडक्ट्स में बहुत किया जाता है। यह स्किन संबंधी बहुत सारी समस्याओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है, विशेषरूप से मुंहासों को ठीक करने के लिए टी ट्री तेल का उपयोग बहुत किया जाता है। इस तेल का एंटी बैक्टीरियल और एंटी इंफ्लामेटरी गुण स्किन के लिए बहुत फायदेमंद होता है। टी ट्री ऑयल को अच्छी तरह से नारियल तेल के साथ मिलाकर स्किन पर लगाने से न सिर्फ पिंपल्स का आना कम होता है बल्कि चेहरे के दाग-धब्बे भी कम होते हैं।

    पानी का सेवन त्वचा की बेदाग खूबसूरती के फायदेमंद

    चेहरे के दाग धब्बे-Face scar

    जीने के लिए जैसे सांस लेना जरूरी होता है, उसी तरह पानी पीना भी जरूरी होता है। यह सिर्फ हमारे पेट को स्वस्थ नहीं रखता है, बल्कि त्वचा को खूबसूरत बनाए रखने के लिए भी जरूरी होता है। दिन में कम से कम 8-10 गिलास पानी पीने की सलाह डॉक्टर हमेशा देते हैं, क्योंकि इससे स्किन और बॉडी हाइड्रेटेड रहती है। साथ ही शरीर से सारे विषाक्त यानि अवांछित पदार्थ मूत्र के रूप से निकल जाते हैं। जिससे पेट स्वस्थ रहता है और उसकी झलक हमें अपनी बेदाग खूबसूरती से पता चलता है। पेट साफ रहेगा तो मुंहासे या रैशेज नहीं निकलेंगे और त्वचा पर दाग भी नहीं पड़ेगा। यह घरेलू उपाय सबसे आसान और सस्ता उपाय है। चेहरे के दाग धब्बे को दूर रखने के लिए आप फ्रेश फ्रूट जूस भी पी सकते हैं। लेकिन एक बात का ध्यान रखें कि शराब या कार्बोनेटेड ड्रिंक का सेवन न ही करें तो बेहतर होगा। 

    और पढ़ें : गर्म पानी के साथ शहद और नींबू लेने से बढ़ती है इम्युनिटी, जानें इसके फायदे

    दाग-धब्बे से बचने के लिए 5 महत्वपूर्ण कदम क्या हैं?

    • हेल्दी भोजन खाएं- स्वस्थ और संतुलित आहार स्वस्थ जीवन के तरफ कदम तो बढ़ाता ही है साथ ही आपकी त्वचा को भी नई लुक देती है। आपकी हेल्दी लाइफ स्टाइल आपकी हेल्दी स्किन में नजर आएगी। इसलिए चेहरे को दाग-धब्बे को दूर करने के लिए हेल्दी खाना ही खाएं। 
    • पर्याप्त नींद लें- हेल्दी लाइफस्टाइल में 6-8 घंटे की नींद शामिल है। इसकी कमी से शरीर में तरह-तरह की समस्याएं होती हैम, विशेष रूप से पेट के स्वास्थ्य पर इसका बहुत असर पड़ता है। जाहिर है पेट अस्वस्थ तो त्वचा भी अस्वस्थ होगा।
    • स्ट्रेस फ्री लाइफ- आजकल स्ट्रेस लाइफ का एक अंग बन गया है। और यही बहुत तरह की बीमारियों का कारण भी अनजाने में बन जाता है। स्ट्रेस के कारण शरीर में हार्मोन का अंसतुलन हो जाता है, जिसका सीधा असर त्वचा पर पड़ता है। और फिर पिंपल्स, एक्ने, दाग-धब्बे आदि होने लगते हैं। आपकी बेदाग खूबसूरती खतरे में आ जाती है। 
    • स्किनकेयर रूटीन फॉलो करें- जी हां, जिस तरह आप दांत साफ करना या नहाना नहीं भूलते, उसी तरह बाहर से आने के बाद चेहरे को साफ करना न भूलें। मेकअप करने के बाद रात को साफ करके ही सोने जाएं। इन सब आदतों से स्किन सांस ले पाएगी और पिंपल्स-एक्ने जैसे समस्याओं से दूर रहेगी।
    • व्यायाम को अपनी आदत बनाएं- क्या आपको पता है कि एक्सरसाइज, मेडिटेशन या योगा करने से शरीर के भीतर रक्त का संचालन अच्छी तरह से हो पाता है। जिसका सीधा असर स्किन के हेल्थ पर पड़ता है। 

    अब तो आप समझ ही गए होंगे कि चेहरे के दाग धब्बे को दूर करने के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल और हेल्दी डायट दोनों जरूरी होता है। त्वचा का सीधा संबंध स्वस्थ पेट से होता है। अभी तक जितने भी घरेलू उपायों के बारे में बताया गया है, उसका व्यवहार करने से पहले डॉक्टर से सलाह ले लें, ताकि कोई भी त्वचा संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़ें। ऊपर दी गई जानकारी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। इसलिए किसी भी दवा या सप्लिमेंट का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

    डिस्क्लेमर

    हैलो हेल्थ ग्रुप हेल्थ सलाह, निदान और इलाज इत्यादि सेवाएं नहीं देता।

    के द्वारा मेडिकली रिव्यूड

    डॉ. प्रणाली पाटील

    फार्मेसी · Hello Swasthya


    shalu द्वारा लिखित · अपडेटेड 20/05/2021

    advertisement iconadvertisement

    Was this article helpful?

    advertisement iconadvertisement
    advertisement iconadvertisement